कलेक्टर ने परचेली और मारजूम के आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Updated on 09-07-2026

दंतेवाड़ा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान ग्राम परचेली के कांडकीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्कूलपारा मारजूम के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में संचालित गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्ष , टीकाकरण तथा प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए पोषण ट्रैकर के संबंध में जानना चाहा। उन्होंने केंद्रों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री एवं बच्चों के अनुकूल शिक्षण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र स्कूलपारा मारजूम में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए यहां पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका शीघ्र निराकरण करें, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ आशीष डे, तहसीलदार आशा मौर्य,खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल पाण्डे सहित अन्य मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें