राजा भैया ने यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज मेडल, कुंडा विधायक ने दिल्ली में दिखाई धमक
Updated on
16-07-2026
प्रतापगढ़: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर प्रतापगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद जिलेभर में खुशी का माहौल है और समर्थक उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के आजीवन सदस्य राजा भैया ने प्रतियोगी संख्या 071 के रूप में भाग लिया। उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में 25 का स्कोर करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।बुधवार को घोषित परिणाम में राजा भैया ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक बार फिर खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
शूटिंग के प्रति शुरू से रही रुचि
राजा भैया ने अपने एक मीडिया इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह उत्कृष्ट शूटर रहे हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर उनकी शूटिंग में रुचि विकसित हुई। वे समय-समय पर आयोजित विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे हैं और इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रतापगढ़ का नाम रोशन कर चुके हैं।
समर्थकों ने दी बधाई
राजा भैया की इस सफलता के बाद देश और विदेश में मौजूद उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में कटका मानापुर निवासी एवं पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि राजा भैया ने एक बार फिर प्रतापगढ़ का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें