प्रिया के लिए सालों करना पड़ता था इंतजार; 70-80 के दशक में था जबरदस्‍त क्रेज, गुम होने के बाद नवाजुद्दीन वापस लाए

Updated on 16-10-2026
नई दिल्‍ली: वह 1970 और 80 का दशक था। भारतीय सड़कों पर एक स्‍कूटर का सिक्‍का चलने लगा था। नाम था प्रिया। इसने देश के करोड़ों मिडिल क्लास परिवारों के दिलों पर राज किया। बजाज का यह स्कूटर उस दौर में स्टेटस सिंबल बन गया था। 2024 में आई फिल्‍म 'अद्भुत' में यह स्‍कूटर तब फिर दिखाई दी जब एक्‍टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी इसकी सवारी करते हुए दिखाई दिए। फिल्‍म में नवाजुद्दीन ने जासूस का किरदार निभाया है। आइए, यहां जानते हैं 150cc क्षमता वाले इस आइकॉनिक स्कूटर के जन्म, लोकप्रियता और इसके बंद होने की पूरी कहानी।

ऐसे हुई शुरुआत

1970 के दशक में भारत में 'लाइसेंस राज' का दौर था। MRTP एक्ट के सख्त नियमों के कारण बजाज ऑटो अपनी क्षमता के अनुसार चेतक या बजाज 150 का उत्पादन नहीं बढ़ा पा रही थी। भारी मांग को पूरा करने का दबाव था। इसके लिए बजाज ऑटो ने जून 1975 में महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर 'महाराष्ट्र स्कूटर्स लिमिटेड' की नींव रखी। अगस्त 1976 से पुणे स्थित फैक्ट्री में इसका निर्माण शुरू हुआ। बजाज 150 और चेतक मॉडल की ही तर्ज पर तैयार इस नए स्कूटर को 'प्रिया' नाम दिया गया। लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत इसका प्रोडक्‍शन शुरू हुआ।

फीचर्स ने जीता लोगों का दिल

बजाज प्रिया का डिजाइन क्लासिक 'वेस्पा 150' से प्रेरित था। इसमें 150cc का टू-स्ट्रोक, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन लगा था। यह स्कूटर 80 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड पकड़ सकता था। इसका माइलेज लगभग 45 किमी प्रति लीटर का था। गोल लाइट, दो अलग सीटें और साइड डिग्गी जैसे फीचर्स के कारण यह उस समय की सड़कों पर बेहद आकर्षक लगता था।

लंबे इंतजार के बाद हाथ आता था स्‍कूटर

उस दौर में बजाज चेतक की तरह ही बजाज प्रिया का भी आम जनता में जबरदस्त क्रेज हुआ करता था। नौबत यह थी कि उत्पादन सीमित और डिमांड बहुत ज्‍यादा होने के कारण ग्राहकों को बुकिंग के बाद डिलीवरी के लिए कई सालों तक लंबा इंतजार करना पड़ता था। शादी-ब्याह में उपहार के तौर पर देने से लेकर पारिवारिक यात्राओं तक प्रिया स्कूटर हर भारतीय मध्यवर्गीय परिवार की पहली पसंद बन चुका था। इसने लगभग दो दशकों तक भारतीय सड़कों पर अपनी एकछत्र बादशाहत कायम रखी।

सुहाने सफर का अंत

समय बदलने के साथ भारत में प्रदूषण के नए नियम लागू हुए। इसने टू-स्ट्रोक वाहनों के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया। वहीं दूसरी ओर हीरो जैसी कंपनियों के आने से भारतीय ऑटो बाजार में फोर-स्ट्रोक मोटरसाइकिलों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ने लगी। बजाज ऑटो ने भी अपना फोकस 'बजाज सुपर' और 'कब' जैसे मॉडलों को मजबूत करने और बाइक सेगमेंट की ओर शिफ्ट करने का फैसला किया। नतीजा यह हुआ कि अप्रैल 1992 में महाराष्ट्र स्कूटर्स ने बजाज प्रिया का उत्पादन हमेशा के लिए बंद कर दिया। हालांकि, प्रिया की यादें तब ताजा हो गईं जब एक्‍टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी इसे फिल्‍म 'अद्भुत' में चलाते दिखे। इस फिल्‍म में अभिनेता ने जासूस का किरदार निभाया है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें