पाकिस्‍तान को राजस्‍थान से सटे ज‍िले में मिला बड़ा तेल और गैस भंडार, होर्मुज संकट के बीच बड़ी खुशखबरी

Updated on 05-06-2026
इस्‍लामाबाद: अमेरिका और ईरान में जंग के बाद होर्मुज स्‍ट्रेट बंद है और पाकिस्‍तान में तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। तेल और गैस संकट के बीच पाकिस्‍तान को एक बड़ी सफलता मिली है। पाकिस्‍तान तेल का एक नया भंडार म‍िला है। यह तेल भंडार पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत के सांघर जिले में मिला है जहां से 2000 बैरल तेल का प्रतिदिन उत्‍पादन भी शुरू हो गया है। इसके अलावा यहां पर गैस भी मिला है। इस तेल क्षेत्र का नाम Bobi Deep-1 है। पाकिस्‍तान की तेल और गैस कंपनी OGDCL ने इस खोज का ऐलान किया है। पाकिस्‍तान का यह रेगिस्‍तानी इलाका भारत के राजस्‍थान प्रांत से सटा हुआ है। राजस्‍थान में भारत भी बड़े पैमाने पर तेल निकालता है।

पाकिस्‍तानी कंपनी OGDCL ने कहा कि इस खोज से देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में स्‍वदेशी संसाधनों से मदद मिलेगी। कंपनी ने पाकिस्‍तान के स्‍टॉक एक्‍सचेंज को इस खोज के बारे में जानकारी दी है। कंपनी ने बताया कि यह तेल की खोज सांघर जिले के बोबी और धामराकी इलाके में हुई है। कंपनी ने बताया कि इस क्षेत्र से 11 म‍िल‍ियन क्‍यूबिक फीट गैस को प्रतिदिन न‍िकाला जा सकता है। कंपनी ने बताया कि 3305 मीटर की गहराई में यह तेल और गैस की खोज हुई है।

पाकिस्‍तान में तेल और गैस की खोज क्‍यों महत्‍वपूर्ण


  • पाकिस्‍तानी कंपनी ने कहा कि यह इस व‍िशाल खनन क्षेत्र में पहली तेल और गैस की खोज हुई है। यहां से आगे और उत्‍पादन को बढ़ाया जा सकता है।
  • पाकिस्‍तान में हर दिन 400,000 बैरल तेल की खपत होती है। राजस्‍थान सीमा पर मिले भंडार से उसकी कुल जरूरत का केवल 0.5% ही पूरा होगा।
  • एक्‍सपर्ट का कहना है कि 2000 बैरल प्रतिदिन बहुत ज्‍यादा तेल उत्‍पादन नहीं है लेकिन इसका असल महत्‍व रणनीतिक है।
  • इस खोज के बाद पाकिस्‍तान अब LNG और तेल के लिए होर्मुज स्‍ट्रेट या कतर में आने वाली दिक्‍कतों से खुद को थोड़ा राहत दे पाएगा।
  • अगले 12 से 24 महीने में इस इलाके में और ज्‍यादा खुदाई होगी जिससे यह पता चलेगा कि यहां पर असल में कितना बड़ा भंडार है।
  • एक्‍सपर्ट का यह भी कहना है कि इस खोज से दुनिया को एक बड़ा संकेत भी गया है। साथ ही पाकिस्‍तान के ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी अच्‍छी खबर है।

पाकिस्‍तान में तेल का क‍ितना होता है उत्‍पादन ?


पाकिस्‍तान अभी 80,000 से 90,000 बैरल तेल हर दिन उत्‍पादन करता है। यह देश के कुल खपत का केवल 20 फीसदी है। इसी वजह से पाकिस्‍तान खाड़ी देशों पर बुरी तरह से ऊर्जा सुरक्षा के लिए निर्भर है। होर्मुज स्‍ट्रेट के बंद होने की वजह से पाकिस्‍तान में हालात बहुत खराब हो गए हैं। तेल के जहां दाम काफी बढ़ गए हैं, वहीं सप्‍लाई भी जरूरत के मुताबिक नहीं हो पा रही है। पाकिस्‍तान बड़े पैमाने पर गैस भी निकालता है। ये गैस भंडार बलूचिस्‍तान में स्थित हैं जहां बलूच विद्रोही लगतार हमले करते रहते हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें