मोहनलाल भी हुए अजय देवगन की 'दृश्यम 3' के कायल, वीडियो शेयर कर बताया हिंदी फिल्म में क्या लगा सबसे अच्छा
Updated on
13-10-2026
अजय देवगन की 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। 11 दिनों में इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने वर्ल्डवाइड ₹489.74 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। यही नहीं, अकेले भारत में 1.30 करोड़ दर्शक इसे थिएटर में देख चुके हैं। तमाम तारीफों के बीच अब मलयालम की ओरिजनल 'दृश्यम' के एक्टर मोहनलाल भी अजय देवगन की फिल्म के मुरीद हो गए हैं। मॉलीवुड सुपरस्टार ने 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' की कहानी और इसके अलग क्लाइमैक्स की सराहना की है। एक वीडियो शेयर किया और बताया वह सच में फिल्म से बहुत प्रभावित हैं, खासकर जिस तरह इसमें अंत दिखाया गया है।मोहनलाल की यह तारीफ बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने ही सबसे पहले मलयालम की 'दृश्यम' में जॉर्जकुट्टी के किरदार को पर्दे पर उतारा, जिसे हिंदी रीमेक में अजय देवगन ने विजय सलगांवकर बनाया। फ्रेंचाइज के तीसरे पार्ट में अभिषेक पाठक ने अपनी हिंदी फिल्म को अलग कहानी और क्लाइमैक्स के साथ आगे बढ़ाया है।मोहनलाल ने वीडियो शेयर कर की फिल्म की तारीफ
मोहनलाल ने एक वीडियो शेयर करते हुए अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'मैंने दृश्यम: द कन्क्लूजन देखी, और मैं सच में इस बात से प्रभावित हूं कि उन्होंने इस पसंदीदा सफर को कितने शानदार ढंग से खत्म किया है। अभिषेक पाठक, कुमार मंगत पाठक, अजय देवगन और पूरी कास्ट और क्रू को इतना बढ़िया काम करने के लिए बधाई।' मोहनलाल के इस बयान के बाद फिल्म के अंत को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। मलयालम 'दृश्यम' के दर्शकों के लिए जॉर्जकुट्टी का किरदार काफी खास रहा है। यही वजह है कि हिंदी वर्जन की कहानी को लेकर उनकी प्रतिक्रिया को भी अहम माना जा रहा है।
मलयालम फिल्म से अलग है हिंदी 'दृश्यम 3' की कहानी
हिंदी 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। यह जीतू जोसेफ की मलयालम थ्रिलर फिल्म का हिंदी रीमेक थी। पहली दो हिंदी फिल्मों की कहानी ने ओरिजिनल मलयालम फिल्मों की कहानी को काफी करीब से फॉलो किया, लेकिन फिल्म के तीसरे पार्ट में मेकर्स ने एक अलग रास्ता चुना है। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' की कहानी हिंदी वर्जन के लिए नए सिरे से तैयार की गई है। फिल्म में सिर्फ पुराने किरदारों की वापसी ही नहीं हुई, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने के लिए नए ट्विस्ट और नई चुनौतियां भी शामिल की गई हैं। कई दर्शकों ने हिंदी फिल्म के अंत की तुलना मलयालम वर्जन से करते हुए इसे बेहतर भी बताया है। हालांकि, दोनों फिल्मों की कहानी और क्लाइमैक्स को लेकर दर्शकों की अपनी-अपनी राय है।
अजय देवगन ने बताया क्यों बनाई गई नई स्क्रिप्ट
अजय देवगन ने FICCI फ्रेम्स में फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया कि हिंदी वर्जन की तीसरी फिल्म को ओरिजिनल मलयालम कहानी से अलग रखने का फैसला क्यों लिया गया। अजय देवगन ने कहा, 'ओरिजिनल फिल्म में अक्षय खन्ना का किरदार वैसा नहीं था, लेकिन तीसरे पार्ट की स्क्रिप्ट पूरी तरह से नई है। ये दोनों फिल्में एक-दूसरे से बहुत अलग हैं। अभिषेक और लेखकों ने पिछले लगभग दो सालों से स्क्रिप्ट पर इतनी मेहनत की है कि यह सचमुच बहुत रोमांचक है। जिस तरह से स्क्रिप्ट तैयार हुई है और अभिषेक ने फिल्म बनाई है, मुझे लगता है कि यह शानदार बनी है। तभी हमने तय किया कि यही इसका समापन होना चाहिए।' अजय के इस बयान से साफ होता है कि मेकर्स तीसरी फिल्म के जरिए हिंदी फ्रैंचाइजी को एक अलग पहचान देना चाहते थे। फिल्म की स्क्रिप्ट पर लंबे समय तक काम किया गया, ताकि विजय सलगांवकर की कहानी को एक नए अंदाज में आगे बढ़ाया जा सके और उसे एक मजबूत एंडिंग दी जा सके।
बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का शानदार प्रदर्शन
कहानी के साथ-साथ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। खबरों के अनुसार, 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' ने दुनियाभर में ₹489.74 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है, जबकि भारत में इसका कुल कलेक्शन ₹378.24 करोड़ के पार पहुंच गया है। फिल्म की कमाई को देखते हुए यह साफ है कि 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी के लिए दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता रही है। सस्पेंस, फैमिली ड्रामा और विजय सलगांवकर की चालाकी इस सीरीज की पहचान रही है। तीसरी फिल्म में कहानी के नए मोड़ और इसके समापन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी ने भी फिल्म को चर्चा में बनाए रखा है।
'दृश्यम: द कन्क्लूजन' की स्टारकास्ट
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आए हैं। विजय एक ऐसा पारिवारिक व्यक्ति है, जो अपने परिवार को बचाने के लिए पुलिस को चकमा देने में माहिर है। वहीं, तब्बू ने मीरा देशमुख के रूप में वापसी की है, जबकि श्रिया सरन ने नंदिनी का किरदार निभाया है। फिल्म की स्टारकास्ट में रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी शामिल हैं। इन कलाकारों ने कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। खासतौर पर जयदीप अहलावत का किरदार दर्शकों के बीच चर्चा में रहा है। उन्होंने फिल्म में एस पी राजवीर सिंह तोमर की भूमिका निभाई है, जो विजय सलगांवकर के सामने एक नई चुनौती पेश करते हैं। दोनों के बीच होने वाले आमने-सामने के सीन ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने जयदीप अहलावत का एक्टिंग की तारीफ की है और उन्हें फ्रैंचाइजी के लिए एक मजबूत कलाकार बताया है।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी फिल्म
'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है, जबकि कुमार मंगत पाठक फिल्म से जुड़े प्रमुख निर्माताओं में शामिल हैं। फिल्म में पुराने किरदारों को बरकरार रखते हुए कहानी को एक नए मोड़ पर ले जाने की कोशिश की गई है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब मोहनलाल की तारीफ ने इसे एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। ओरिजिनल मलयालम 'दृश्यम' के लीड एक्टर की प्रतिक्रिया हिंदी फ्रैंचाइजी के लिए खास है, क्योंकि यह सिर्फ एक फिल्म की तारीफ नहीं बल्कि उस कहानी के समापन पर प्रतिक्रिया भी है, जिसने भारतीय सिनेमा में सस्पेंस थ्रिलर की एक मजबूत पहचान बनाई है।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें