कटरीना कैफ की मां तमिलनाडु के उस गांव में रहती हैं जहां बिजली भी नहीं, बेटी भी देती हैं कमाई का एक हिस्सा

Updated on 22-09-2026
बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस कटरीना कैफ इन दिनों अपने बच्चे के साथ मां बनने का सुख ले रही हैं। फिल्मों से दूर रह रहीं कटरीना ने बॉलीवुड से न होते हुए यहां एक सफल करियर बनाया और आज वो हिंदी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हो चुकी हैं। वहीं उनकी मां Suzanne Turquotte तमिलनाडु के एक पिछड़े गांव में जिंदगी गुजार रही हैं। बताया जाता है कि इस गांव में अक्सर बिजली तक नहीं रहती। हालांकि, सुजैन किसी मजबूरी में ऐसा नहीं कर रही हैं, बल्कि अपने काम की वजह से वे अपना कम्फर्ट और लग्जरी छोड़कर वहां उस गांव में रह रही हैं।

लंदन में रहने वालीं कटरीना की मां सुजैन करीब 18 साल पहले यानी साल 2008 में तमिलनाडु पहुंचीं। सुजैन चाहतीं तो अपने लिए लग्जरी लाइफ आराम से चुन सकती थीं लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी का रास्ता बिल्कुल अलग चुना और अपने खास मिशन में लग गईं।

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए मुफ्त ट्यूशन सेंटर

बताया जाता है कि उन्होंने तमिलनाडु आकर एक एनजीओ रिलीफ प्रोजेक्ट्स इंडिया की स्थापना की। शुरुआती तौर पर उनका ध्यान ग्रामीण समुदायों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को शाम की निःशुल्क शिक्षा देने से जुड़ा था। वर्षों बीतने के साथ, यह पहल वक्त के साथ एक बड़े कम्यूनिटी डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन प्रोग्राम के रूप में विकसित हुई, जो बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य सेवा और बाल संरक्षण से जुड़ा है। शुरुआत में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए मुफ्त ट्यूशन सेंटर चलाए गए और फिर संस्था ने शिक्षा के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों से जुड़े कई सामाजिक मुद्दों पर भी काम करना शुरू किया।

'शुरुआत में यहां सिर्फ कुछ छोटे बच्चों के लिए नर्सरी क्लास चलती थीं'

साल 2015 में सुजैन ने 'Mountain View School' की शुरुआत की। शुरुआत में यहां सिर्फ कुछ छोटे बच्चों के लिए नर्सरी क्लास चलती थी और धीरे-धीरे यह प्रोजेक्ट एक मान्यता प्राप्त प्राइमरी स्कूल में बदल गया जिसमें मुख्य रूप से आर्थिक रूप से पिछड़े गांवों के 30 से कम बच्चे पढ़ते थे। वक्त के साथ अंततः 300 से अधिक स्टूडेंट्स वाला एक प्राइमरी स्कूल बन गया।

'उन्हीं के दान और आशीर्वाद के कारण मैं इस मुकाम तक पहुंची हूं'

कटरीना अक्सर अपनी मां के इन अच्छे काम के प्रति समर्पण और उनके पालन-पोषण पर पड़े प्रभाव के बारे में बातें किया करती हैं। कुछ साल पहले एबीपी से बात करते हुए कटरीना ने कहा था, 'मेरी मां मदुरै में रहती हैं, जहां उन्होंने बच्चों के लिए एक स्कूल शुरू किया है। वह एक टीचर हैं। वह वहां पढ़ाती हैं और खुश हैं। उन्हीं के दान और आशीर्वाद के कारण मैं इस मुकाम तक पहुंची हूं।' एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया था कि बताया था कि उनकी मां की जीवनशैली आज उनकी लग्जरी लाइफ से बिल्कुल अलग है।

'वहां रह पाना आसान नहीं, वहां बिजली नहीं आती'

कटरीना ने अपने कई इंटरव्यू में इस बात का खुलासा कर चुकी हैं कि उनकी मां जिस गांव में रहती हैं, वहां रहना आसान नहीं है। उन्होंने बताया था कि वहां दिन के कई घंटे बिजली नहीं रहती और इंटरनेट की सुविधा भी हमेशा नहीं होती।कटरीना ने कहा था, 'वहां रह पाना आसान नहीं है। वहां बिजली नहीं आती। सिर्फ 12 घंटे के लिए ही आती है। कभी-कभी जब मैं अपनी मां से वीडियोकॉल पर बात करना चाहती हूं तो नहीं कर पाती, क्योंकि बिजली नहीं होती और कभी-कभी इंटरनेट भी नहीं होता। इसलिए हम फोन पर ही बात करते हैं।'

गर्मी में भी ऐसे रहती हैं कैट की मां

कटरीना ने एक अन्य बातचीत में अपनी मां की जिंदगी के बारे में बताते हुए कहा था कि गांव में गर्मी काफी ज्यादा पड़ती है। बिजली न होने के कारण कई बार एसी जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल भी संभव नहीं होता।

'कई घंटे बिजली नहीं होती और वहां असहनीय गर्मी होती है'

उन्होंने कहा था, 'एक ऐसी महिला जो ऐसे गांव में रहती है जहां दिन में कई घंटे बिजली नहीं होती और वहां असहनीय गर्मी होती है और बिजली न होने के कारण AC भी नहीं चलते। वह इन्हीं परिस्थियों में रहती है और हमेशा से रहती आई हैं क्योंकि उसे लोगों की मदद करना अच्छा लगता है। यह एक कठिन जीवन है। इसके लिए एक अलग तरह के इंसान की जरूरत होती है। मुझे नहीं पता कि मैं ऐसा कर पाऊंगी या नहीं।' कटरीना के मुताबिक, उनकी मां ने लोगों की मदद करने के लिए इस तरह की जिंदगी को अपनी पसंद से अपनाया है।

आठ बच्चों की परवरिश भी अकेले की

बताया जाता है कि मां सुजैन ने कटरीना और उनके सात भाई-बहनों की परवरिश भी अकेले ही की। कटरीना ने कई बार बताया है कि उनका बचपन किसी लग्जरी या बेहद आलीशान माहौल में नहीं बीता। वे अपने भाई-बहनों के साथ काफी साधारण और सीमित साधनों में पली पढ़ी हैं। कटरीना ने अपने बचपन को याद करते हुए कहा था, 'हम बहुतक लग्जरी और ऐशो-आराम के माहौल में नहीं पले-बढ़े। हमारा बचपन बहुत ही सादगी भरा और साधारण था। यही मेरा पारिवारिक जीवन है। यह ऐसी चीज है जिससे मैं हमेशा परिचित रहा हूं क्योंकि मेरी मां ने परोपकारी काम किए हैं। एक्ट्रेस का कहना है कि बचपन से ही उन्होंने अपनी मां को जरूरतमंद लोगों के लिए काम करते हुए देखा है। इसी वजह से सामाजिक सेवा और लोगों की मदद उनके जीवन का भी अहम हिस्सा बनी।

मां के काम में कटरीना भी करती हैं मदद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कटरीना अपनी फिल्मों से कमाई का एक हिस्सा मां के स्कूल और सामाजिक कार्यों के'लिए देती हैं। एक सूत्र ने मिड-डे को बताया था, 'वह अपनी फिल्म की कमाई का एक हिस्सा स्कूल को दान करती हैं और रियलिटी टेलीविजन शो से अर्जित कमाई का इस्तेमाल भी इस पहल को सपोर्ट करने में लगाती हैं। हालांकि, वह अपनी इस आर्थिक मदद को पब्लिक के बीच चर्चा का विषय बनाना पसंद नहीं करतीं। कटरीना के लिए उनकी मां सिर्फ एक माता-पिता ही नहीं, बल्कि उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणाओं में से एक हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें