जुमला अतरा ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर 3 लाख रुपये का ऋण लेकर शुरू किया किराना व्यवसाय, गांव में उपलब्ध करा रहीं जरूरी सामग्री

Updated on 08-10-2026

दंतेवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मसेनार की जुमला अतरा ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार की राह अपनाई है। उन्होंने समूह के माध्यम से 3 लाख रुपये का ऋण लेकर “अतरा किराना” दुकान शुरू की है, जिसका संचालन वे स्वयं कर रही हैं। 

जुमला अतरा स्व-संतोषी स्व-सहायता समूह मसेनार से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने किराना दुकान की शुरुआत की थी। गांव में ही दैनिक उपयोग की किराना सामग्री उपलब्ध होने से स्थानीय ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है। दुकान के संचालन से अब तक उन्हें लगभग 50 हजार रुपये की आमदनी प्राप्त हुई है। इस व्यवसाय से उन्हें नियमित आय का जरिया मिला है और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मसेनार पहुंचकर जुमला अतरा,की किराना दुकान का अवलोकन किया और उनके व्यवसाय की जानकारी ली। उन्होंने महिला के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा  जुमला अतरा, ग्राम पंचायत के रानी महिला ग्राम संगठन मसेनार एवं एकल महिला संकुल संगठन से भी जुड़ी हैं। उनके प्रयास से यह संदेश मिलता है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन का लाभ लेकर महिलाएं अपने गांव में ही स्वरोजगार स्थापित कर परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकती हैं। 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष  रमेश गावड़े वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शिव नारायण पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सीईओ एम, भार्गव तथा जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें