भोपाल। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर ठगी का मामला सामने आया है। नरसिंहगढ़ से इलाज कराने भोपाल आई 62 वर्षीय अशरफी बाई को दो शातिर जालसाजों ने डरा-धमाकर और नोटों की गड्डी का लालच देकर उनके सोने के जेवर पार कर दिए।
जालसाज इतने शातिर थे कि उन्होंने पीड़ित महिला को भरोसा दिलाने के लिए गड्डी में से निकालकर 500-500 रुपये के तीन असली नोट भी खर्च किए,लेकिन बाद में बुजुर्ग महिला को जो पोटली थमाई, उसमें नोटों की जगह केवल रद्दी कागज निकले।
पुलिस के अनुसार, नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई 3 सितंबर को इलाज कराने हमीदिया अस्पताल आई थीं। डाक्टर को दिखाने के बाद जब वह मेडिकल स्टोर पर दवा ले रही थीं, तभी करीब 30 वर्ष का एक युवक और 16-17 साल का किशोर उनके पीछे लग गए। मदद का झांसा देकर आरोपित ने महिला का बैग अपने हाथ में ले लिया और उन्हें पैदल नक्कारखाना गेट की ओर ले आए।
बेटी के घर पहुंचकर जब महिला ने पोटली खोली, तब ठगी का भंडाफोड़ हुआ। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हमीदिया अस्पताल से नक्कारखाना के बीच लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपित की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।