डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर विंडफॉल टैक्स में कटौती, क्या आपको होगा कोई फायदा?

Updated on 01-10-2026
नई दिल्ली: सरकार ने डीजल और विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन यानी एटीएफ के एक्सपोर्ट पर विंडफॉल टैक्स में एक बार फिर कटौती की है। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार सरकार ने 1 अक्टूबर से डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में कटौती की है। पेट्रोल के मामले में टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी को 20 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 16 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया, जबकि ATF के एक्सपोर्ट पर लगने वाले लेवी को 15 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 10.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया। ये नई दरें अगले दो हफ्तों के लिए लागू रहेंगी। पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर लगने वाला विंडफॉल टैक्स 0.5 रुपये प्रति लीटर पर ही बना हुआ है।

हर दो हफ्ते में समीक्षा

सरकार ने पिछली बार 16 सितंबर को एक्सपोर्ट लेवी में बदलाव किया था। उस समय डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी को 25 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 20 रुपये प्रति लीटर और ATF लेवी को 19 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 15 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था।

एक्सपोर्ट ड्यूटी की समीक्षा हर दो हफ्ते में इंटरनेशनल क्रूड ऑयल और पेट्रोलियम प्रोडक्ट की कीमतों के आधार पर की जाती है। हालांकि घरेलू खपत के लिए बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली मौजूदा एक्साइज ड्यूटी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पेट्रोल-डीजल की कीमत

यह बदलाव सिर्फ एक्सपोर्ट पर लागू है और भारत में बेचे जाने वाले ईंधन पर एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये बनी हुई है। कच्चा तेल मामूली गिरावट के साथ 97.99 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें