अंकिता भंडारी हत्याकांड: दिल्ली के इंडिया गेट पर निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन, 30 से अधिक हिरासत में

Updated on 19-10-2026
नई दिल्ली: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की मौत के मामले में कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति रद्द करने की मांग को लेकर रविवार को दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन हुआ। राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की के बाद सामाजिक कार्यकर्ता मोहित डिमरी समेत 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, उन्हें जाफरपुर कलां थाने ले जाया गया। प्रदर्शन का आह्वान मोहित डिमरी ने किया था। सुबह से उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों से आए लोग पटियाला हाउस के पास जुटने लगे। इसके बाद वे इंडिया गेट पहुंचे। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।

'जारी रहेगा आंदोलन'

मोहित डिमरी ने आरोप लगाया कि कथित VIP की भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब अब तक नहीं मिले है। उन्होंने कहा कि किसी को संवैधानिक पद की आड़ में जांच से बचने का मौका नही मिलना चाहिए। इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि दुष्यंत गौतम के इस्तीफा देकर जांच का सामना करने तक आंदोलन जारी रहेगा। ब्रिगेडियर सर्वेश डंगवाल ने भी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष व्यापक करने की बात कही।


राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंकिता भंडारी की मौत के मामले में सामने आए कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सके। उन्होंने मांग की कि जांच किसी दबाव या प्रभाव के बिना आगे बढ़ाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए वे राष्ट्रपति तक अपनी बात पहुंचाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें इंडिया गेट पर ही रोक दिया।

मामले में जवाबदेही तय करने की मांग

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में भरोसे से भी जुड़ा है। उन्होंने मामले में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने और जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें